नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर में गोस्वामी तिलकायत इन्द्रदमन महाराज की अनुमति से श्रीलाल गोविंद मंडान सेवा फिर शुरू की गई। राजभोग दर्शन के दौरान गोस्वामी विशाल बावा ने इस सेवा का शुभारंभ किया। इसके तहत श्रीनाथजी के मर्यादी वैष्णवों को निशुल्क प्रसाद दिया जाएगा। प्रसाद लेने के इच्छुक वैष्णवों को प्रीतम पोल स्थित काउंटर से पास उपलब्ध कराए जाएंगे। 51 ब्राह्मणों और सेवादारों ने ग्रहण किया प्रसाद सेवा के शुभारंभ अवसर पर 51 ब्राह्मणों, मंदिर के मुखिया और सेवादारों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ श्रीलाल गोविंद मंडान सेवा की शुरुआत हुई। महाप्रसाद का कण-कण भक्तों तक पहुंचाने का प्रयास विशाल बावा ने पुष्टिमार्गीय वैष्णवों, नाथद्वारा के नगरवासियों और प्रभु के ग्वाल-बालकों को दीपावली एवं पंच महापर्वों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तिलकायत महाराज की आज्ञा से इस मंडान सेवा को फिर शुरू किया गया है। पुष्टिमार्गीय मान्यता के अनुसार, भक्तों के महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद ही प्रभु द्वारा सामग्री अंगीकार करना माना जाता है। इसी भावना के साथ महाप्रसाद का कण-कण भक्तों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।