पंचायतीराज आम चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार(3 नवंबर) को जिले की तीन पंचायत समितियों श्रीविजयनगर, सूरतगढ़ और राजियासर में मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को राजकीय भीमराव अंबेडकर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की देखरेख में मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। तीनों पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्यों की कुल 57 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इनमें श्रीविजयनगर की 19, सूरतगढ़ की 23 और राजियासर की 15 सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिला परिषद के 9 जोनों में भी होगा मतदान पंचायत समिति सदस्यों के साथ जिला परिषद सदस्यों के लिए भी संबंधित 9 जोनों में मतदान कराया जाएगा। इनमें श्रीविजयनगर क्षेत्र के जोन 14, 15 और 22, राजियासर के जोन 16 और 17 तथा सूरतगढ़ के जोन 18, 19, 20 और 21 शामिल हैं। मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा। 20 नवंबर को होगी मतगणना प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों सहित सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना करवाई जाएगी। वहीं, जिले की शेष आठ पंचायत समितियों में चौथे चरण के तहत 14 नवंबर को मतदान होगा।