सीकर में RTO चालान के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। 65 साल के बुजुर्ग ने चालान से जुड़ी APK फाइल पर क्लिक किया, जिसके बाद उसके बैंक खाते से 3.71 लाख रुपए निकल गए। पीड़ित के मुताबिक, रकम निकालने के लिए न तो कोई OTP आया और न ही उसे इसकी जानकारी मिली। पीड़ित बुजुर्ग ने साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। एपीके फाइल पर क्लिक करते ही निकले 3.71 लाख रुपए 65 साल के बुजुर्ग के अनुसार, उनके वाट्सएप पर एक ग्रुप में आरटीओ चालान एपीके फाइल आई थी। उन्होंने इस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद अकाउंट से 3.71 लाख रुपए निकल गए। कोई भी ओटीपी उनके मोबाइल पर नहीं आई। मोबाइल पर जब रुपए कटने का मैसेज आया तो उन्हें इसका पता चला। इसके बाद साइबर पोर्टल और साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया गया। बुजुर्ग के अकाउंट से जो राशि निकाली वह एक ही बैंक अकाउंट में जमा हुई है। अब उस बैंक की डिटेल के आधार पर साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर पुलिस के अनुसार, साइबर ठग इस तरह की APK फाइल भेजकर मोबाइल को हैक कर लेते हैं और फिर इसके बाद अकाउंट से रुपए निकालते हैं। ऐसी किसी भी फाइल को डाउनलोड नहीं करें।