त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे सोगरिया (कोटा) और मथुरा के बीच अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाएगा। ट्रेन 6 से 20 नवंबर तक रोज दोनों दिशाओं में चलेगी और 15-15 फेरे लगाएगी। कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ट्रेन नंबर 02921 सोगरिया से सुबह 8:30 बजे रवाना होकर दोपहर 2:05 बजे मथुरा पहुंचेगी। यह सुबह 11:48 बजे बयाना और दोपहर 12:20 बजे भरतपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 02922 मथुरा से शाम 5:10 बजे रवाना होगी और रात 10:50 बजे सोगरिया पहुंचेगी। यह शाम 5:40 बजे भरतपुर और 6:10 बजे बयाना पहुंचेगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में इंदरगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीरजी, हिंडौन सिटी, बयाना और भरतपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 10 सामान्य श्रेणी समेत कुल 12 कोच होंगे। रेलवे के मुताबिक, अनारक्षित ट्रेन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।