शहर के एक थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में घुसकर दो छात्रों के साथ मारपीट करने और नकदी व चांदी की चेन छीनने का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि पड़ोस में किराये पर रहने वाले एक फौजी और उसकी पत्नी ने छात्रों के साथ मारपीट की। इस दौरान कमरे में रखे 8 हजार रुपए और एक छात्र के गले से चांदी की चेन भी छीन ली। मुकदमे के अनुसार, 20 वर्षीय छात्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर किराये से रहकर पढ़ाई करता है। 30 अक्टूबर को तीनों अपने गांव से कमरे पर आए थे। शाम करीब 6 बजे वह सामान लेने बाजार चला गया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ कमरे में घुस गया। आरोप है कि दोनों ने कमरे में मौजूद दो छात्रों के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और हाथ में पहने कड़े से मारपीट की। शोर सुनकर कॉलोनी के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और दोनों छात्रों को बचाया। आरोपियों ने कमरे में रखे 8 हजार रुपए और एक छात्र के गले से चांदी की चेन छीन ली। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पत्नी पर कमेंट करने के आरोप को लेकर हुआ विवाद रिपोर्ट के अनुसार, मारपीट का कारण पूछने पर आरोपी ने कहा कि छात्र उसकी पत्नी पर कमेंट करते हैं। वहीं, छात्रों ने इस बात से इनकार करते हुए मारपीट का आरोप लगाया है।