अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले दो छात्रों ने एक फौजी और उसकी पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। आरोप है कि दोनों ने छात्रों के साथ मारपीट की। इस दौरान शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों छात्रों को बचाया। मारपीट का कारण पूछने पर आरोपी फौजी ने कहा कि छात्र उसकी पत्नी पर कमेंट करते थे। छात्रों ने एफआईआर में कहा कि मारपीट के दौरान आरोपी दंपती ने कमरे में रखे 8 हजार रुपए और एक छात्र के गले से चांदी की चेन भी छीन ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी दंपती भी वहीं पर किराए का मकान लेकर रहते हैं। पड़ोस में रहने वाले फौजी और पत्नी कमरे में घुसे 20 वर्षीय छात्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर किराए से रहकर पढ़ाई करता है। 30 अक्टूबर को तीनों अपने गांव से कमरे पर आए थे। शाम करीब 6 बजे वह सामान लेने बाजार चला गया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ कमरे में घुस गया। आरोप है कि दोनों ने कमरे में मौजूद दो छात्रों के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और हाथ में पहने कड़े से मारपीट की। शोर सुनकर कॉलोनी के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और दोनों छात्रों को बचाया। आरोपियों ने कमरे में रखे 8 हजार रुपए और एक छात्र के गले से चांदी की चेन छीन ली। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पत्नी पर कमेंट करने के आरोप को लेकर हुआ विवाद पुलिस ने मारपीट का कारण पूछा तो आरोपी फौजी ने बताया कि छात्र उसकी पत्नी पर कमेंट करते हैं। वहीं, छात्रों ने इस बात से इनकार करते हुए मारपीट का आरोप लगाया है।