श्रीगंगानगर में पेट्रोल पंप कारोबारी और इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के मालिक से 5-5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया और कहा- तेरी डिफेंडर सफेद कलर की कलेक्ट्री के पास खड़ी थी। मेरे लड़के तेरी डिफेंडर के शीशे के पास ही थे। चमत्कार दिखाना था तेरे को, या तो कॉल कर लेना नहीं तो चमत्कार दिखा देंगे। 5 करोड़ देने हैं तुझे। मामला 2 नवंबर रात 11 बजे का है, व्यापारी ने पुलिस ने आज शिकायत दी। मामले में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे कॉल्स आने पर घबराएं नहीं और पुलिस से संपर्क करें। रंगदारी के लिए धमकाने का ये 8 वें दिन में तीसरा मामला है। 25 अक्टूबर को जिला परिषद प्रत्याशी से 2 करोड़ मांगे गए थे। अब पढ़िए क्या था पूरा मामला विदेशी नंबर से 6 बार किया कॉल शिकायतकर्ता ने बताया- 2 नवंबर की रात 9:13 से 9:27 बजे के बीच विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर 6 बार कॉल आई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं की। रात 9:29 बजे इसी नंबर से दोबारा वॉइस कॉल आई। इसके बाद एक वॉइस नोट आया। रात करीब 11 बजे इसकी रिकॉर्डिंग सुनी। शिकायतकर्ता ने बताया- कॉल करने वाले ने पेट्रोल पंप के कारोबार की जानकारी देते हुए धमकी दी। खुद को गैंगस्टर बताने वाले ने नोट में कहा- वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बोल रहा है। उनके आदमियों की कारोबारी पर नजर है और आस-पास मौजूद हैं। अगर उसने 5 करोड़ रुपए नहीं दिए तो परिवार को जान से मार देंगे। नंबरों को ट्रैक करना पॉसिबल नहीं सीओ सिटी आईपीएस नितिन चौधरी ने बताया- शहर में पंप कारोबारी और एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के मालिक को धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने के लिए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वीपीएन आदि के उपयोग के कारण ऐसे नंबरों को ट्रैक करना पॉसिबल नहीं है। पुलिस धमकी देने वालों के स्थानीय नेटवर्क को डिटेन करने में जुटी है। चौधरी ने कहा- अभी इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने की पुष्टि नहीं की जा सकती। कई बार लोग बड़े गैंगस्टर का नाम लेकर भी धमकियां देते हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आमजन से अपील की कि ऐसी धमकी मिलने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। गैंगस्टर की धमकी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… जिला परिषद प्रत्याशी से 2 करोड़ की फिरौती मांगी:गैंगस्टर ने वॉट्सएप कॉल कर धमकाया; बोला- चुनाव छोड़ वरना जान से मार देंगे श्रीगंगानगर में माकपा के जिला परिषद प्रत्याशी से गैंगस्टर विशाल पचार के नाम से 2 करोड़ की फिरौती मांगी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)