श्रीगंगानगर जिले में दीपावली के त्योहार पर बेचने के लिए तैयार 16 हजार लीटर से ज्यादा नकली घी पकड़ा गया है। इस घी की कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख रुपए है। पुलिस ने गोदाम से 3.50 लाख रुपए भी जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि नकली घी गुजरात से आया था और फिर यहां गोदाम में अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैकिंग कर बेचने के लिए तैयार किया गया था। दीपावली के त्योहार पर जिलेभर में इसकी सप्लाई होनी थी। पुलिस ने 3 आरोपियों राम तायल (26), निवासी वार्ड नंबर 52 बालाजी स्टेट, जवाहर नगर, मुकेश कुमार (42), निवासी राणा प्रताप कॉलोनी, जवाहर नगर और विकास कुमार (24) निवासी डूंगरसिंहपुरा को गिरफ्तार किया है। 3.50 लाख कैश और गाड़ी जब्त सदर थाना अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया- जिले में 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान चलाया जा रहा है। सदर थाना पुलिस, सीआईडी और डीएसटी ने CMHO अजय सिंघला के साथ मिलकर चौधरी कॉम्प्लेक्स स्थित अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर दबिश दी। यहां नकली घी तैयार कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। टीम ने मौके से 16 हजार 394 लीटर नकली घी के कार्टन जब्त किए हैं। साथ ही बिक्री के बाद गोदाम में रखे 3 लाख 50 हजार रुपए कैश और एक मारुति वैन भी जब्त की है। गोदाम को सील कर दिया है। आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटा रहे थानाधिकारी ने बताया- गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पता लगा रहे हैं कि नकली घी कहां तैयार किया जा रहा था और इसकी सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बढ़ सकता है नकली घी का आंकड़ा सीएमएचओ डॉ. अजय सिंघला ने बताया- फिलहाल श्रीगंगानगर शहर और सूरतगढ़ में भी टीम की छापेमारी जारी है। जब्त नकली घी का आंकड़ा बढ़ सकता है। ये खबरें भी पढ़िए… मिठाई पर चांदी नहीं 'जहर':लैब टेस्ट में 99% वर्क नकली, चांदी में एल्युमिनियम और सोने में तांबा-जिंक; लिवर-किडनी खराब होने का खतरा विधायक बोले- मैं इनकी नौकरी खा जाऊंगा:कुछ भी हो जाए, सैंपल नहीं लेने दूंगा; MLA के जाते ही फिर पहुंची फूड सेफ्टी टीम