श्रीगंगानगर शहर में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल की बिक्री और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायतों पर बुधवार को रसद विभाग की टीम ने कई स्थानों पर कार्रवाई की। इस कार्रवाई में कुल 146 लीटर पेट्रोल और 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिला रसद अधिकारी पूजा अग्रवाल ने बताया- टीम ने इंदिरा कॉलोनी में दो स्थानों पर कार्रवाई की। गली नंबर 3 में बालाजी क्लिनिक के सामने स्थित रॉयल शॉप से 31 लीटर पेट्रोल और 12 प्लास्टिक बोतलें जब्त की गईं। वहीं, गली नंबर 6 स्थित रामदेव मंदिर रोड से 115 लीटर पेट्रोल, 3 प्लास्टिक कैन और 3 प्लास्टिक कप बरामद किए गए। ढाबों और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीम ने सतपाल हलवाई (गली नंबर 7, इंदिरा कॉलोनी), बालाजी स्वीट्स (एसएसबी रोड), बराड़ फूड्स (सेक्टर-17 मार्केट) और हुजूर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट (गली नंबर 10, इंदिरा कॉलोनी) से एक-एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया। आपूर्ति वाहनों का भी किया निरीक्षण जब्त सामग्री के संबंध में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 6-ए के तहत प्रकरण तैयार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके अलावा टीम ने विभिन्न गैस एजेंसियों के आपूर्ति वाहनों का औचक निरीक्षण किया और मौके पर गैस सिलेंडरों का माप-तौल भी करवाया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक धर्मपाल (पदमपुर), अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मोहन सिंह चौहान सहित रसद विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।