श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर थाना पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100-100 रुपए के 206 जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने कुल 20 हजार 600 रुपए के नकली नोट जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीप (32) पुत्र दर्शन सिंह निवासी वार्ड नंबर 17, सादुलशहर के रूप में हुई है। एसपी हरी शंकर ने बताया- सादुलशहर थाना पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मी गुरचरण सिंह की सूचना पर पुलिस ने कस्बे में आरोपी दीपक कुमार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 100-100 रुपए के कुल 206 नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए थे और इनके जरिए कहीं बाजार में लेनदेन तो नहीं किया गया। कार्रवाई में कांस्टेबल गुरचरण सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में संदीप कुमार और सुरेंद्र कुमार भी शामिल थे।