नगर परिषद, श्रीगंगानगर द्वारा प्रस्तावित कचरा प्लांट नेतेवाला की जगह से नरसिंहपुरा बारानी में स्थानांतरित करने विरोध में 34 LNP के ग्रामीणों ने मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का बहिष्कार किया। ग्रामीणों ने पंचायत घर को ताला जड़ दिया और धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि कचरा प्लांट पहले नेतेवाला की सरकारी भूमि पर चल रहा था। लेकिन कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव में जिला प्रशासन ने चक नरसिंहपुरा बारानी में प्लांट शिफ्ट कर दिया। यहां पहले से गौशाला, गुरुकुल कन्या आश्रम और गंगानहर LNP वितरिका निकलती है। गंगानहर का पानी 50 से 60 गांवों को सप्लाई किया जाता है। गौशाला में करीब 1500 गाय-मवेशी पाले गए हैं। इसलिए यहां कचरा प्लांट नहीं लगना चाहिए। यहां कचरा प्लांट लगने से पीने के पानी में प्रदूषण फैलेगा। गौशाला में कचरे की थैलियां और गंदगी पहुंचेगी। बीमारियां बढ़ेंगी और मवेशियों समेत पूरे इलाके पर संकट मंडराएगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि कचरा प्लांट को नेतेवाला में ही लगाया जाए। ग्रामीण पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।