पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के भांवरी गांव में रहने वाली भजन गायिका सुमन चौहान के घर में मंगलवार सुबह आग लग गई। हादसे में घर के बाहर की तरफ बना स्टूडियो और एक कमरे का सामान जल गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। पीड़ित पक्ष ने अज्ञात लोगों द्वारा घर में आग लगाने का आरोप लगाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, रोहट क्षेत्र के भांवरी गांव में रहने वाली भजन गायिका सुमन चौहान के घर में मंगलवार सुबह करीब चार बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। हादसे में घर के बाहर की तरफ बने स्टूडियो और एक कमरे में रखा सारा सामान जल गया। गनीमत रही कि परिवार के लोग दूसरे कमरों में सो रहे थे। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन जब तक उनकी टीम पहुंची, तब तक ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना को लेकर रमेश पुत्र जसराज ने रिपोर्ट दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।