जयपुर के 2 कॉलेजों में शनिवार रात बॉलीवुड और पंजाबी संगीत की धूम रही। पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा ने आगरा रोड स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में लाइव परफॉर्मेंस दी। इस दौरान एक स्टूडेंट सिक्योरिटी तोड़कर मंच पर आ गया, जिससे सुनंदा शर्मा डर गई और चीख पड़ी। वहीं मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) में सिंगर सलीम-सुलेमान ने चक दे इंडिया, ओ रे पिया’, ‘आजा नचले’, ‘हौले हौले’, ‘ऐनवयी ऐनवयी’ और ‘शुक्रान अल्लाह’ जैसे गानों पर परफॉर्म किया। इस दौरान स्टूडेंट्स ने भी सिंगर के साथ सुर में सुर मिलाए। कॉन्सर्ट के बीच स्टेज पर चढ़ा स्टूडेंट आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में सुनंदा शर्मा की प्रस्तुति के दौरान अचानक एक स्टूडेंट स्टेज पर चढ़ गया। उसे अचानक सामने देखकर सुनंदा घबरा गईं और उनके मुंह से चीख निकल गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभाली। घटना के बाद कुछ देर के लिए कॉन्सर्ट रोकना पड़ा, लेकिन थोड़ी देर बाद सुनंदा फिर मंच पर लौटीं और पूरे जोश के साथ परफॉर्मेंस दी। इस दौरान सुनंदा शर्मा ने अपने चर्चित गीत ‘जानी तेरा ना’, ‘मम्मी नू पसंद’, ‘सैंडल’, ‘पागल नहीं होना’, ‘चोर्री चोर्री’ और ‘तेरे नाल नचना’ को लाइव परफॉर्म किया। एमएनआईटी में ‘चक दे इंडिया’ पर थिरके स्टूडेंट्स एमएनआईटी में सलीम-सुलेमान की जोड़ी ने अपने ऊर्जावान अंदाज से माहौल को संगीत समारोह में बदल दिया। दोनों ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों के साथ विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर किया। प्रस्तुति के दौरान सलीम मर्चेंट हाथ में तिरंगा लेकर ‘चक दे इंडिया’ गाते नजर आए। गीत की धुन और तिरंगे के साथ उनकी प्रस्तुति पर स्टूडेंट्स ने जोरदार उत्साह दिखाया।