पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को सूरतगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक क्षेत्र में 76.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने से प्रक्रिया प्रभावित हुई। सीलवानी में मशीन खराब होने के कारण करीब पौने दो घंटे देरी से मतदान शुरू हो सका, जबकि जानकीदासवाला में करीब दो घंटे और 28 पीबीएन में 22 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। इसके बावजूद ग्रामीणों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। 102 वर्षीय निक्की देवी सहित बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मानकसर में आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। पंचायत समिति के 23 जोन के 72 प्रत्याशियों और जिला परिषद के 4 सदस्यों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद हो गया। ईवीएम खराब होने से कई बूथों पर मतदान प्रभावित गांव सीलवानी के बूथ संख्या 68 पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही ईवीएम मशीन खराब हो गई। मतदान कार्मिकों ने काफी देर तक मशीन को दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन की ओर से दूसरी ईवीएम मंगवाई गई। इसके चलते करीब पौने दो घंटे की देरी से सुबह 8:50 बजे मतदान शुरू हो सका। इसी तरह गांव जानकीदासवाला के बूथ संख्या 73 पर करीब दो घंटे तक तथा 28 पीबीएन में 22 मिनट तक मशीन में खराबी के कारण मतदान प्रभावित रहा। गांव ऐटा, 7 एसजीएम और पालीवाला में भी ईवीएम रुक-रुककर चली। हालांकि, इन स्थानों पर मतदान प्रक्रिया जारी रही। सुबह कतारें, दोपहर में कम हुई भीड़, शाम को फिर बढ़ा उत्साह गांव की सरकार चुनने के लिए ग्रामीण मतदाताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं, जबकि दोपहर के समय बूथों पर संख्या कम दिखाई दी। दोपहर 3 बजे बाद एक बार फिर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी। ग्रामीण महिलाएं समूह के रूप में मतदान करने पहुंचीं। पहली बार मतदान करने आए युवा प्रत्याशियों के एजेंटों से ईवीएम का बटन दबाने की प्रक्रिया पूछते नजर आए। दो ईवीएम से महिला मतदाताओं को हुई उलझन कुछ महिला मतदाताओं को उस समय परेशानी हुई, जब उन्होंने पंचायत समिति सदस्य के लिए तो मतदान कर दिया, लेकिन जिला परिषद सदस्य के लिए दूसरी ईवीएम पर वोट डालना भूल गईं। मतदान केंद्रों पर मौजूद कार्मिकों ने उन्हें दूसरी ईवीएम से जिला परिषद सदस्य के लिए भी मतदान करने की जानकारी दी। 102 वर्षीय निक्की देवी ने व्हीलचेयर पर पहुंचकर डाला वोट मतदान को लेकर बुजुर्गों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्राम पंचायत संघर के बूथ संख्या 56 पर 102 वर्षीय निक्की देवी अपने पोते और भाजपा के प्रदेश मंत्री विजेंद्र पूनिया के साथ व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचीं। ग्राम पंचायत भगवानसर में 90 वर्षीय खीवणी देवी अपनी बहू के साथ वोट डालने आईं। वहीं ग्राम पंचायत मानकसर में 85 वर्षीय दिव्यांग बुधराम अपने पोते के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे और मताधिकार का प्रयोग किया। प्रत्याशियों ने हाथ जोड़कर मांगे वोट, मानकसर में आदर्श बूथ मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क करते नजर आए। पुरुष प्रत्याशी हाथ जोड़कर मतदाताओं से वोट देने की अपील कर रहे थे, जबकि महिला प्रत्याशियों ने बुजुर्ग महिलाओं के पैर छूकर समर्थन मांगा। ग्राम पंचायत मानकसर के बूथ को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां मतदान केंद्र के मुख्य द्वार को फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण मतदान के दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम भरत जयप्रकाश मीणा प्रशासनिक अमले के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं डीएसपी पारसमल, सिटी सीआई कलावती चौधरी और सदर सीआई रामकुमार लेघा पुलिस जाब्ते के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम भरत जयप्रकाश मीणा ने बताया कि सूरतगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। किसी भी पंचायत से अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ऐसे बढ़ा मतदान सूरतगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में सुबह से ही मतदान का सिलसिला जारी रहा। सुबह 10 बजे तक 16.92 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 40.06 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 55.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम 6 बजे तक के आंकड़ों में 75 प्रतिशत मतदान रहा, जबकि देर शाम आई अंतिम रिपोर्ट में मतदान का आंकड़ा बढ़कर 76.65 प्रतिशत पहुंच गया। 23 जोन में भाजपा-कांग्रेस के 23-23 प्रत्याशी मैदान में पंचायत समिति के 23 जोन में भाजपा और कांग्रेस के 23-23 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा बसपा के 8, आरएलपी के 7 और 11 निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सूरतगढ़ पंचायत समिति का प्रधान पद इस बार सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। राजकीय कॉलेज में जमा करवाई ईवीएम, कड़ी सुरक्षा में श्रीगंगानगर भेजीं मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सूरतगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों की ईवीएम मशीनें कलेक्शन सेंटर राजकीय कॉलेज में पहुंचाई गईं। यहां से सभी मशीनों को ट्रक में भरकर देर रात कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला मुख्यालय श्रीगंगानगर भेजने की व्यवस्था की गई। इसके लिए बड़ी संख्या में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों का जाब्ता भी तैनात रहा।