भास्कर न्यूज | टोंक सोशल मीडिया पर निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने वाले युवक के पास से पुलिस को बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों का बड़ा जखीरा मिला है। नगरफोर्ट थाना पुलिस ने भोजपुरा गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग बैंकों की 18 चेकबुक, 25 पासबुक, 17 एटीएम कार्ड बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और जियो वाई-फाई डिवाइस भी मिली। पुलिस अब इन बैंक खातों की पड़ताल कर रही है। आशंका है कि इनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जा रहा था। थानाधिकारी राजेंद्र ताड़ा ने बताया कि आरोपी धारोला (नगरफोर्ट) निवासी दिलखुश मीणा (25) पुत्र आत्माराम मीणा को भोजपुरा से गिरफ्तार किया गया है। वह सोशल मीडिया ऐप के जरिए लोगों को रुपए निवेश करने का झांसा देता था। कम समय में मोटी रकम मिलने का दावा करता था। इस तरह लोगों को विश्वास में लेकर उनसे ठगी करता था। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर उसके खिलाफ दो शिकायतें मिली हैं। इनमें एक लाख रुपए से अधिक की ठगी की राशि सामने आई है। तलाशी में खुला बैंक दस्तावेजों का जखीरा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व पासबुक जब्त किए थानाधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी नगरफोर्ट थाना पुलिस ने 1 नवंबर को ककोड़ रोड स्थित भोजपुरा में एक संदिग्ध युवक को डिटेन किया। तलाशी के दौरान उसके पास 18 चेकबुक, 25 पासबुक, 17 एटीएम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। यह सामान किन लोगों का है, इसकी जानकारी संबंधित बैंकों से जुटाई जा रही है। यह भी जांच हो रही है कि इन खातों में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन हुआ है या नहीं। मोबाइल फोन की जांच से आरोपी के सोशल मीडिया संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। ठगी के नेटवर्क का भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।