ये तस्वीर पीड़ित परिवार से की गई मारपीट की गवाही दे रही है। परिवार घर लौटने की चाह में निकला था, लेकिन अपने ही घर तक पहुंचने के लिए ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी, यह नहीं सोचा था। मामला प्रताप नगर के सेक्टर-16 के रावी अपार्टमेंट का है। यहां हटवाड़े में रास्ता मांगने पर एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रावी अपार्टमेंट के गेट पर लगी दुकान हटाने लिए कहने पर विवाद हुआ। घटना में 11 साल की बेटी और पत्नी भी घायल हो गईं। आरोपियों ने धमकी दी कि ‘हटवाड़ा तो यहीं लगेगा, अगर जान प्यारी है तो हमसे मत टकराना।’ दूसरी ओर यहां बिना अनुमति हर शनिवार लगने वाले हटवाड़े के कारण आस-पास के कई अपार्टमेंट का रास्ता बंद हो जाता है। स्थानीय लोगों ने थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। रावी अपार्टमेंट में करीब 272 फ्लैट हैं, जिनमें परिवार रह रहे हैं। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह परिवार के साथ टैक्सी से रावी अपार्टमेंट जा रहे थे। गेट पर हटवाड़े की दुकान लगी थी। रास्ता देने के लिए कहने पर दुकानदार ने हटने से मना कर दिया। विवाद के दौरान पीड़ित ने वीडियो बनाने की कोशिश की तो मौके पर पहुंचे बबलू और अशोक पंडित ने मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर परिवार से मारपीट की। हर शनिवार लगता है हटवाड़ा, 4 अपार्टमेंट के 2064 फ्लैट्स का रास्ता बाधित प्रताप नगर के सेक्टर-16 में द्वारिकापुरी सर्किल से जुड़े रावी, कृष्णा, सतलुज और झेलम अपार्टमेंट के बाहर हर शनिवार हटवाड़ा लगता है। दुकानों और सामान के कारण चारों अपार्टमेंट के 2064 फ्लैट्स में आने-जाने का रास्ता बाधित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी थाने में शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। क्या है नियम; नियमानुसार ऐसे आयोजन के लिए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की अनुमति जरूरी होती है। स्थानीय थाना पुलिस से एनओसी ली जाती है। इस संबंध में मामला दर्ज हुआ है। जांच की जा रही है। -विक्रांत शर्मा, थानाधिकारी, प्रताप नगर हटवाड़े के कारण अपार्टमेंट में आने-जाने का रास्ता बाधित हो जाता है। प्रशासन को स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि निवासियों को रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिल सके। -दाताराम गुर्जर, कृष्णा अपार्टमेंट हटवाड़े के कारण रास्ते पर भीड़ और अव्यवस्था रहती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस या अन्य जरूरी वाहन को निकालना भी मुश्किल हो सकता है। प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। -रीया, सतलुज अपार्टमेंट हटवाड़े के कारण परिवारों को अपने घर तक पहुंचने में दिक्कत होती है। रास्ते को लेकर विवाद की आशंका बनी रहती है। -गौरव आहूजा, निवासी झेलम अपार्टमेंट