पंचायत चुनाव 2026 के तहत आज, मंगलवार को 45 प्रत्याशियों के लिए मतदान होगा। नवगठित पंचायत समिति पचेवर में मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए 20 ग्राम पंचायतों के 57,866 मतदाता वोट डालेंगे। मतदान के बाद 45 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। चुनाव प्रचार का शोर रविवार शाम 5 बजे थमने के बाद अब प्रत्याशियों की निगाहें मतदाताओं के फैसले पर टिकी हैं। क्षेत्र के 57,866 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पंचायत समिति के 15 वार्डों के प्रतिनिधि चुनेंगे। गौरतलब है कि नवीन पंचायत समिति पचेवर में 20 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इन ग्राम पंचायतों के लिए 15 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। नई पंचायत समिति के गठन के तहत कुछ नई ग्राम पंचायतें बनाई गईं। कुछ पंचायतों को पंचायत समिति मालपुरा से अलग कर पचेवर में शामिल किया गया। गठन के बाद नामांकन, जांच, और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए थे। पंचायत समिति के 15 वार्डों में कुल 45 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 15, कांग्रेस के 15, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के 12, बहुजन समाज पार्टी का एक, तथा दो निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। मंगलवार को क्षेत्र की सभी 20 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतदान होगा। इस दौरान मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। अब सभी की निगाहें मतदान पर टिकी हैं। किस प्रत्याशी को मतदाताओं का समर्थन मिलता है, किसके हिस्से में निराशा आती है, इसका खुलासा मतगणना के बाद होगा। फिलहाल, मंगलवार को ईवीएम में बंद होने वाले मत ही प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेंगे।