नवंबर में आमतौर पर सर्दी की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस बार कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं। महीने के पहले दो सप्ताह में मौसम शुष्क रहेगा और दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। तीसरे और चौथे सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट के साथ सुबह-शाम सर्दी बढ़ेगी। तीसरे सप्ताह में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि, रात का पारा 12 से 14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। शुरुआत में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इस कारण दिन में गर्मी व सुबह-शाम हल्की सर्दी महसूस होगी। पहला सप्ताह : बारिश थमेगी, तेज धूप से दिन का तापमान ज्यादा रहेगा नवंबर की शुरुआत के साथ अक्टूबर के अंत में हुई बारिश का दौर पूरी तरह थमने का अनुमान है। जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। दिन में तेज धूप से अधिकतम तापमान बढ़ सकता है और सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। हालांकि, सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी। दूसरा सप्ताह : बारिश के आसार नहीं, ठंडी हवा से पारे में गिरावट प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। कोई नया मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं होने से बारिश की संभावना नहीं है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के असर से कुछ स्थानों पर रात का तापमान मामूली गिर सकता है। सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी, लेकिन दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं। मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। तीसरा सप्ताह : पश्चिमी विक्षोभ का असर, हल्की बारिश की संभावना तीसरे सप्ताह में मौसम बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। रात के तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा और सुबह-शाम सर्दी का असर बढ़ेगा। हालांकि, इस दौरान भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम है। चौथा सप्ताह: ठंडी हवा से पारा गिरेगा, रात में 12 से 14 डिग्री रहने के आसार आखिरी सप्ताह में ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से पारे में गिरावट आ सकती है। दिन का पारा सामान्य के आसपास और रात का 12 से 14 डिग्री रहने की संभावना है। सुबह-शाम सर्दी बढ़ेगी, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण मौसम अपेक्षाकृत गर्म रह सकता है।