मेरा युवा भारत, टोंक की ओर से रानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय, निवाई में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर हुए संवाद में युवाओं को मतदान का महत्व, मतदाता सूची में नाम की उपयोगिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की जानकारी दी गई। युवा आइकॉन शेखर शर्मा ने ‘मेरा वोट जरूरी क्यों है’ विषय पर पीपीटी के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और सटीक बनाना है। साथ ही सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर प्रसारित भ्रामक जानकारियों से सतर्क रहने तथा सूचना साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी। जिला युवा अधिकारी कुमार मधुकर ने मेरा युवा भारत की गतिविधियों और माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को जिला स्तरीय युवा संसद, युवा महोत्सव और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। संवाद में विद्यार्थियों ने नागरिक जिम्मेदारियों और पहली बार मतदान करने वालों की भूमिका पर सवाल पूछे। कॉलेज प्राचार्य रेणु अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा युवा मोर्चा से शुभम खंडेलवाल अतिथि रहे। माय भारत के एपीए रोहिल कुमार कट्टा, स्वयंसेवक आकाश मीणा एवं नरेंद्र सिंह ने व्यवस्थाएं संभालीं। मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक दीपेंद्र सिंह ने किया। समापन पर प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ ली। यह अभियान 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशभर के 500 शिक्षण संस्थानों में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद का हिस्सा था।