राजसमंद| कुंवारिया ग्राम पंचायत में इस बार सरपंच की कुर्सी पर चेहरा बदल गया। पूर्व सरपंच ललित श्रीमाली की जगह उनकी पत्नी दीपिका श्रीमाली निर्वाचित हुई हैं। उपसरपंच चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। पूर्व सरपंच ललित ने अपनी पत्नी और नवनिर्वाचित सरपंच दीपिका को माला पहनाकर स्वागत किया। जवाब में दीपिका ने भी पति को माला पहनाकर अभिवादन किया। दोनों के इस अंदाज को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जताई। दरअसल, पंचायतीराज चुनाव में दीपिका की जीत के साथ ही पंचायत की कमान अब उनके हाथों में आ गई है। उपसरपंच चुनाव के लिए एकत्रित हुए वार्डपंचों के सामने पति-पत्नी का यह आपसी सम्मान चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, यह एक-दूसरे के प्रति सम्मान और अभिनंदन का सहज क्षण था।