दीपावली की आहट के साथ ही गुलाबी नगरी के बाजार रोशनी और सजावट से जगमगाने लगे हैं। परकोटे के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है, वहीं एमआई रोड पर इस बार दीपावली का नजारा कुछ खास होने वाला है। जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में एमआई रोड पर पहली बार सात दिवसीय सामूहिक सजावट की जा रही है। रविवार को पांच बत्ती चौराहे पर लाइटिंग की टेस्टिंग की गई। रोशनी से पूरा चौराहा जगमगा उठा। सजावट को अंतिम रूप देने के लिए अब दो बार और टेस्टिंग की जाएगी। 4 नवंबर से लाइटिंग शुरू होगी। एमआई रोड व्यापार मंडल की इस पहल के तहत पूरे बाजार को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। खास बात यह है कि पांच बत्ती चौराहे को जयपुर की पहचान पिंक सिटी थीम पर तैयार किया गया है। वहीं, पूरे एमआई रोड पर कलरफुल लाइटिंग के साथ सजावटी छतरियां और फूलों की सजावट आकर्षण बढ़ाएगी। पहली बार दिखेगा लाइटिंग का नया अंदाज सजावट में करीब 750 एलईडी बल्ब, 500 रंग-बिरंगी लाइटें, 100 डिजाइनर छतरियां और 250 फ्लावर डेकोरेशन लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पहली बार एमआई बार लाइट्स, शार्पी लाइट्स और लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है।