राजस्थान के खिलाड़ियों के लिए इस बार दिवाली खुशियों भरी हो सकती है। लंबे समय से पुरस्कार राशि और प्रोत्साहन राशि का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को राज्य सरकार दिवाली तक करीब 20 करोड़ रुपए का भुगतान करने की तैयारी में है। इसके लिए खेल विभाग और राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। वहीं, करीब 4 करोड़ रुपए का भुगतान खिलाड़ियों के खातों में किया जा चुका है। इसके अलावा करीब 20 करोड़ रुपए के अन्य भुगतान भी लंबित हैं, जिन्हें जारी करने की तैयारी की जा रही है। खेल विभाग और क्रीड़ा परिषद के पास अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक व उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों के भुगतान के प्रस्ताव लंबित हैं। इनमें एथलेटिक्स, शूटिंग, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, फुटबॉल, कबड्डी, जिम्नास्टिक और अन्य खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं। क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा के अनुसार, परिषद स्तर पर 1283 आवेदनों के करीब 14.72 करोड़ रुपए के भुगतान की प्रक्रिया लंबित है। वहीं, खेल विभाग स्तर पर 785 आवेदनों के करीब 4.75 करोड़ रुपए के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। इस तरह दोनों स्तरों पर करीब 19.47 करोड़ रुपए के भुगतान प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं। 2511 खिलाड़ियों के लिए 19.07 करोड़ स्वीकृत परिषद के स्वीकृत भुगतानों की सूची में 2511 खिलाड़ियों के लिए करीब 19.07 करोड़ रुपए की राशि दर्ज है। इनमें कुछ भुगतान हो चुके हैं, जबकि कई के भुगतान आदेश जारी करने या प्रक्रिया में होने का उल्लेख है। इन भुगतानों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से लेकर राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता शामिल हैं। खास बात यह है कि कई खिलाड़ियों को लंबे समय से अपनी उपलब्धियों के अनुरूप पुरस्कार राशि मिलने का इंतजार है। यदि तय समय पर भुगतान जारी होता है तो दिवाली से पहले खिलाड़ियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम होगा। इनको मिल चुकी पुरस्कार राशि