युवाओं को तंबाकू के सेवन से दूर रखने और जिले में नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 शुरू किया है। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला कलक्टर मयंक मनीष के निर्देशन में संचालित यह 60 दिवसीय अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा। अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों के साथ तंबाकू नियंत्रण कानूनों की पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंघल ने अभियान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन कर आमजन और विशेषकर युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से दूर रहने का संदेश दिया। 100 गज दायरे में बिक्री पर रोक, उल्लंघन पर चालान... अधिकारियों ने बताया कि सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा-2003) की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी। स्कूल-कॉलेजों को बनाएंगे तंबाकू मुक्त परिसर... उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मान सिंह एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामअवतार शर्मा ने अभियान के उद्देश्यों और रणनीतियों की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त परिसर बनाने के लिए टीओएफईआई दिशा-निर्देशों के अनुसार गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सशक्त युवा तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान रोकने तथा शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।