टोंक में हिंदी पंक्तियां (पंक्ति प्रकाशन) की बुक स्टॉल लगाई जाएगी। दो दिवसीय यह आयोजन 1 एवं 2 नवंबर को एक्सपेरिमेंटल स्टूडियो, कृषि मंडी के सामने, टोंक में आयोजित होगा। दोनों दिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक पुस्तक प्रेमी यहां पहुंच सकेंगे। इस आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में हिंदी पंक्तियां के संस्थापक दीपक शंकर एवं चर्चित लेखक प्रेमशंकर चरड़ाना भी मौजूद रहेंगे। पाठकों को उनके साथ संवाद करने, साहित्य और लेखन से जुड़े अनुभवों को जानने का अवसर मिलेगा। कौन कर रहा आयोजन इस पहल का आयोजन हिंदी पंक्तियां के संयुक्त तत्वावधान में कम्युनिटी थिएटर टोंक सोसायटी, अक्स टेक एवं सबकी हिंदी के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य टोंक के युवाओं, विद्यार्थियों और साहित्य प्रेमियों तक हिंदी साहित्य एवं लोकप्रिय पुस्तकों को सहज रूप से उपलब्ध कराना तथा शहर में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। बुक लवर्स के लिए खास मौका हिंदी पंक्तियां (पंक्ति प्रकाशन) हिंदी पुस्तकों और साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए जाना जाता है। अपनी स्थापना के लगभग तीन वर्षों में पंक्ति प्रकाशन ने लाखों पाठकों का प्रेम हासिल किया है। सोशल मीडिया पर भी हिंदी पंक्तियां से 2 करोड़ से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। ऐसे में पहली बार टोंक में इसका बुक स्टॉल लगना शहर के पुस्तक प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर होगा। नई पीढ़ी को किताबों से जोड़ेंगे आयोजक मोहित वैष्णव ने बताया कि किताबें केवल ज्ञान और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में संवाद, विचार और संवेदनशीलता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण जरिया हैं। इस तरह की पहल स्थानीय स्तर पर साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को पुस्तकों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।