टोंक के देवली में पत्नी से मिलने पहुंचे एक युवक शिवराज को मारपीट कर किडनैप किया गया। फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 16 अक्टूबर को हुई घटना में युवक 50 प्रतिशत झुलस गया था। जयपुर के एसएमएस में इलाज के दौरान 29 अक्टूबर को युवक की मौत हो गई। वहीं, युवक का मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मृतक ने अपने साले और अन्य लोगों पर मारपीट करने और जलाने के आरोप लगाए हैं। पत्नी के बारे में पूछने पर हुआ विवाद मामले में गोविंद दलवासा निवासी जगदीश खटीक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि मेरा भांजा शिवराज 16 अक्टूबर को पत्नी ज्योति से मिलने देवली गया था। जो अपने भाई नंदू खटीक के साथ देवली में रहती है। 16 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे होटल से शिवराज ने नंदू को फोन कर पत्नी ज्योति के बारे में पूछा। आरोप है कि इस बात पर नंदू नाराज हो गया। होटल से मारपीट कर घसीटते हुए ले गए इसके बाद नंदू खटीक, अजय खटीक और 4-5 अन्य युवक होटल पहुंचे। शिवराज के साथ मारपीट की और उसे घसीटते हुए बाहर ले गए। इसके बाद आरोपी जबरन एजेंसी एरिया स्थित अपने मकान पर ले गए। होटल से युवक को ले जाने की घटना CCTV फुटेज में भी कैद हुई है। पेट्रोल डालकर लगाई आग, शरीर बुरी तरह झुलसा परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने मकान में शिवराज के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे शरीर बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज के दौरान गुरुवार को दम तोड़ दिया। शिवराज के भाई युवराज खटीक ने बताया- 6 अक्टूबर को जयपुर के गौनेर रोड स्थित मकान के कमरे में परिवार ने शिवराज की पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। हम मौके पर पहुंचे तो दोनों ने अंदर से गेट बंद कर रखा था। कमरे में हमारा पड़ोसी आपत्तिजनक स्थिति में था। पड़ोसी युवक इस दौरान मेरे हाथ पर लोहे के पाइप से वार करके मौके से फरार हो गया। घर से भागे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। फिर उससे हमने पूछताछ की। उसने कबूल किया कि मेरी भाभी उसे घर बुलाती थी और पैसा देती थी। युवक ने कबुला की उसके मेरी भाभी से अवैध संबंध थे। इसके बाद मैंने मेरे भाई शिवराज को इस बात की जानकारी दी। फिर शिवराज ने फोन पर ससुराल वालों को आपबीती बताई। हालांकि उसके घरवाले हमारी बात न सुनकर अपनी बेटी का ही पक्ष लेते रहे। भाभी की बड़ी बहन और उसका पति अगले दिन हमारे घर आए। वो भाभी को अपने साथ ले गए और हम पर ही पुलिस केस करवा दिया। इसके बाद ने पुलिस ने मेरे पिताजी और मुझे डिटेन कर लिया। भाभी अपने पीहर चली गई। इसके बाद 9 अक्टूबर को चैन्नई से मेरा भाई शिवराज जयपुर पहुंचा था। शिवराज चैन्नई में ट्रक ड्राइवर का काम करता है। घर पर पैसा, गहने नहीं मिले। फिर हमने कोर्ट के जरिए इस्तगासा करवाया। शिवराज के पास भाभी और उसके भाई का फोन आया था कि तुम्हारा पैसा गहना जो भी है ले जाओ। शिवराज हमें बिना बताया अपने ससुराल देवली चला गया। वहां डिवोक होटल में ठहरा था। ससुराल वालों ने उससे मारपीट की फिर जलाकर मार दिया। अपहरण और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस देवली थाना पुलिस ने जगदीश खटीक की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, घायल शिवराज का SMS अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में मेडिकल रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो भी सामने आया शिवराज ने मौत से पहले एक वीडियो भी बनाया। इसमें आरोप लगाए कि ये पूरा घटनाक्रम डीवोक होटल का है। जो देवली टोंक में पेट्रोल पंप से कोटा की ओर जाने पर पड़ता है। शिवराज ने कहा- मैं घर से काम के लिए निकला था। वैसे तो मुझे गाड़ी पर जाना था। लेकिन मैंने सोचा पत्नी नाराज है तो चलकर बात कर लेता हूं। टेंशन में देवली टोंक स्थित डीवोक होटल में खा पी रहा था। मेरा साला आ गया। उसके साथ उसकी मौसी का बेटा अजय खटीक और अन्य 2-3 लोगों ने मेरे साथ मारपीट की। युवक ने खुद को जलाने का भी इन लोगों पर ही आरोप लगाए थे।