टोंक के चतुर्भुज तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए स्कूली स्टूडेंट्स ने मानव श्रृंखला बनाई। हाथों में स्वच्छता से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारे लगाए और लोगों से तालाब में कचरा नहीं डालने की अपील की। चतुर्भुज तालाब की सफाई के लिए शहर के समाजसेवी पिछले 45 दिनों से प्रतिदिन श्रमदान कर रहे हैं। इसी अभियान से प्रेरित होकर विद्यार्थियों ने भी जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। तालाब पर घूमने आने वाले लोगों और राहगीरों ने बच्चों के प्रयास की सराहना की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लिया भाग समाजसेवी दुर्गेश गुप्ता और विजेंद्र कुमावत ने विद्यार्थियों के प्रयास की प्रशंसा करते हुए स्कूल संस्थापक कमलेश सिंगोदिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। कार्यक्रम में चयन जैन, दुष्यंत तेजी, वंश गुर्जर, रोहित सैनी, मोहित, प्रियांश सैनी, गजेंद्र, नीरज, कुणाल, शिवराज, सुजीत, वसीम और हेमंत सहित विद्यार्थी शामिल हुए। शिक्षक मनोज टिक्कीवाल, कमलेश शर्मा, नितिन शर्मा, शेफाली साहू और आरती सैनी ने सहयोग किया। सभी ने चतुर्भुज तालाब को टोंक की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसकी स्वच्छता को नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।