पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण को लेकर टोंक जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिले में जिला परिषद के 17 वार्डों और पांच पंचायत समितियों के 86 वार्डों के लिए मंगलवार को मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए 3 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2500 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। टोंक के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में पोलिंग पार्टियों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया है। जिला निर्चाचन अधिकारी (कलेक्टर) टीना डाबी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और कार्मिकों को निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ मतदान करवाने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन के अनुसार मतदान प्रकिया को पूरा करे। कार्मिकों को आखरी प्रशिक्षण देने के बाद मतदान दलों को उनके मतदान सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। ज्ञात रहे कि जिले में उनियारा, पीपलू, पचेवर, मालपुरा के आंशिक क्षेत्र और देवली में मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।उधर पंचायत राज चुनावों को लेकर पुलिस ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी व्यवस्था कर रखी है।