पंचायती राज चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों के आसपास की दुकानों को बंद करवाने से व्यापारियों में नाराजगी है। दीपावली के त्योहार से ठीक पहले बाजार बंद रहने से कारोबार प्रभावित होने की आशंका के चलते व्यापार महासंघ ने निर्वाचन अधिकारियों के सामने मुद्दा उठाया है। महासंघ अध्यक्ष योगेश सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम ऋतुराज शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने 5 नवंबर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंचों के चुनाव के दौरान अस्पताल रोड की दुकानों को खुला रखने की मांग की है। व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश सोनी ने बताया कि मंगलवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए मतदान के दौरान बस स्टैंड और अस्पताल रोड स्थित बाजार की दुकानों को पुलिसकर्मियों ने 200 मीटर की परिधि में मानते हुए बंद करवा दिया। इससे दुकानदारों को दिनभर खाली बैठना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि दीपावली का सीजन होने से उन्हें अच्छी ग्राहकी की उम्मीद थी, लेकिन दुकानें बंद रहने से कारोबार प्रभावित हुआ। अधिकारियों के फैसले पर टिकी निगाहें व्यापार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को हुई एसडीएम से मुलाकात के दौरान 5 नवंबर को अस्पताल रोड की दुकानों को खोलने की अनुमति देने की मांग की। एसडीएम ऋतुराज शर्मा ने बताया कि व्यापार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बाजार को लेकर अपनी मांग रखी है। व्यापारियों की भावना से जिला अधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। व्यापार महासंघ सचिव आकाश राठौर, त्रिलोक नागर सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे। धनतेरस से ठीक पहले बंद से नुकसान की आशंका अब 5 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंचों के लिए मतदान होगा। जबकि 6 नवंबर को धनतेरस है। व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश सोनी ने कहा कि मतदान केंद्र के दोनों ओर मुख्य सड़क पर निर्धारित 200 मीटर की परिधि में दुकानों को बंद करवाने पर व्यापारियों को आपत्ति नहीं है। लेकिन अस्पताल रोड स्थित बाजार की दुकानों को भी बंद करवाना उचित नहीं है। उनका तर्क है कि मतदान केंद्र से 100 मीटर से अधिक दूरी पर स्थित इन दुकानों को अनावश्यक रूप से बंद करवाने से त्योहारी सीजन में लगातार 2 दिन कारोबार प्रभावित होना चिंताजनक है।