भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोनिया गांधी पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा - हिंदुस्तान की नागरिक नहीं होने के बावजूद उन्हें यहां वोट देने का अधिकार मिल गया था, जबकि वे बाद में भारत की नागरिक बनीं। बांसवाड़ा में रविवार को त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कांग्रेस पर चुनी हुई सरकारें गिराने और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा - भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है, जबकि दूसरी पार्टियां परिवारवाद से चलती हैं। साथ ही दावा किया कि भाजपा ही आदिवासियों और पिछड़ों के हित में काम करने वाली पार्टी है। कांग्रेस पर चुनी हुई सरकारें बर्खास्त करने का आरोप मदन राठौड़ ने कहा - कांग्रेस का इतिहास दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। उसने कई बार जनता की ओर से चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। यह सिलसिला एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार दोहराया गया। कांग्रेस ने हमारी चुनी हुई सरकारों को गिराने का काम किया है। गहलोत पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जिक्र करते हुए राठौड़ ने आरोप लगाया कि जब-जब वे राजस्थान के मुख्यमंत्री बने, अल्पमत में होने के बावजूद विधायकों को लालच देकर खरीदा। इसके बदले उन्हें मंत्री पद दिया गया। उन्होंने कहा कि सत्ता का लालच देकर बसपा और निर्दलीय सहित दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़ा गया। राठौड़ ने दावा किया कि विधायकों की खरीद-फरोख्त का काम भाजपा ने कभी नहीं किया। बोले- भाजपा लोकतांत्रिक, बाकी पार्टियां परिवारवादी भाजपा को पूरी तरह लोकतांत्रिक पार्टी बताते हुए राठौड़ ने कहा - देश में कई पार्टियां परिवारवादी हैं, जिनमें हर दल का एक ही मुखिया होता है। इसके विपरीत भाजपा में लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्ष चुना जाता है। यही वजह है कि नितिन नवीन जैसे नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं, जिन्हें पहले कोई नहीं जानता था। भाजपा ही आदिवासियों और पिछड़ों का भला सोचने वाली पार्टी विपक्ष के बयानों और आरोपों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा - आदिवासियों का भला सोचने वाली एकमात्र पार्टी भाजपा है। भाजपा सरकारों ने ही आदिवासियों और आदिवासी महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया और उन्हें सत्ता में भागीदार बनाया। उन्होंने कहा कि मकरा विकास बोर्ड का गठन कर वनवासी और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास की योजनाएं बनाई गईं। इससे टाडा-माडा की तर्ज पर इन क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।