झालावाड़| सूचना एवं जनसंपर्क विभाग झालावाड़ में संस्थापन अधिकारी के पद पर कार्यरत अनिल कुमार त्रिवेदी की सेवानिवृत्ति पर शनिवार को कार्यालय झालावाड़ में विदाई एवं सम्मान समारोह हुआ। समारोह में त्रिवेदी के 30 वर्षों के सेवाकाल को याद किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। समारोह के दौरान पत्रकार साथियों ने अनिल कुमार त्रिवेदी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके कार्य के प्रति समर्पण, लगन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्रिवेदी ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ किया तथा अपने कार्य व्यवहार से पत्रकारों एवं विभागीय कार्मिकों के बीच आत्मीय संबंध बनाए रखे। इस अवसर पर उनके परिवारजनों, किरण त्रिवेदी, कार्यालय के सदस्यों ने भी उनके साथ बिताए यादगार पलों को साझा किया। कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी हेमंत छीपा सहित स्टाफ, पत्रकारों ने अनिल कुमार त्रिवेदी का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर सम्मान किया। समारोह में अनिल कुमार त्रिवेदी ने भी विभाग में अपनी सेवाओं के दौरान कार्यालय में बिताए विभिन्न पलों, कार्य अनुभवों एवं सहकर्मियों के साथ जुड़े संस्मरणों को साझा किया। अंत में उन्होंने आभार व्यक्त किया।