शहर की कानून व्यवस्था संभालने वाली पुलिस का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। मथुरा गेट चौकी पर तैनात एक कांस्टेबल ने आधी रात को सब्जी लेने मंडी जा रहे दो सगे भाइयों की लाठियों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, घटना 14 अप्रैल की देर रात करीब 2 बजे की है। नोह गांव निवासी रिंकू ने बताया कि वह अपने बड़े भाई सुनील के साथ एमएसजे कॉलेज के पास सब्जी की रेहड़ी लगाता है। रोजाना की तरह दोनों भाई रात को कुम्हेर गेट स्थित फल-सब्जी मंडी में माल खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान मथुरा गेट चौकी के पास तैनात कांस्टेबल अनोखे सिंह ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित रिंकू के मुताबिक उन्होंने कांस्टेबल अनोखे सिंह को बताया कि मंडी जा रहे हैं। लेकिन कांस्टेबल इस बात पर भड़क गया कि वे इतनी रात को बाहर क्यों हैं। कांस्टेबल ने रिंकू पर लाठियां भांजना शुरू कर दिया। रिंकू को पिटता देख जब बड़े भाई सुनील ने बीच-बचाव करना चाहा और अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो कांस्टेबल ने उसे भी नहीं बख्शा और गाली-गलौज करते हुए दोनों को बुरी तरह पीटा। गाली-गलौच कर धमकाया, फिर ताबड़तोड़ डंडे बरसाए, अंगुली से खून​ निकला एसपी ने की कार्रवाई, डिप्टी एसपी करेंगे जांच: मामला तूल पकड़ते ही और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी दिगंत आनंद ने तुरंत एक्शन लिया है। एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कांस्टेबल अनोखे सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही डिप्टी एसपी को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ आगामी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। भास्कर इनसाइट - कुछ साल पहले बीमार होमगार्ड को भी डंडो से पीट चुका है कांस्टेबल लाइन हाजिर किए गए इस कांस्टेबल का पिछला रिकॉर्ड भी सवालों के घेरे में है। जानकारी के अनुसार, कुछ साल पहले उद्योग नगर थाना क्षेत्र में तैनाती के दौरान भी वह इसी तरह की मारपीट की घटना में शामिल रह चुका है। बताया जा रहा है कि एकता विहार कॉलोनी में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड को आरोपी कांस्टेबल ने डंडे से बेरहमी से पीट दिया था। होमगार्ड का कसूर सिर्फ इतना था कि वह बीमार था और ड्यूटी के दौरान उसे झपकी आ गई थी। इसी बात पर नाराज होकर कांस्टेबल अनोखी सिंह मौके पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कांस्टेबल ने गाड़ी से उतरते ही होमगार्ड पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इस घटना का विरोध भी किया, लेकिन उस समय मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।