बाड़मेर | बायतु उपखंड के पनावड़ा ग्राम पंचायत की गोदारों की ढाणी में मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में लुंबाराम रायसिंगाराम गोदारा के दो झोपड़े जलकर राख हो गए। झोपड़ों में रखा अनाज, पशुओं का चारा, खाट सहित घरेलू सामान भी जल गया। आग के समय परिवार के लोग खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। ढाणी की तरफ धुआं उठा। पड़ोसी मांगीलाल देवासी और केशाराम डेलू मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को सूचना दी। करीब 50 से 60 लोग जुटे। दो ट्रैक्टर टंकियां मंगवाई गईं। पानी और रेत से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार आग में चार क्विंटल बाजरा, चार बोरी मोठ, 40 मण चारा, दो बोरी मतीरा, पांच खाट सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। दो खाली गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर जल गए। सिलेंडर खाली थे। भरे होने पर हादसा गंभीर हो सकता था। सूचना पर सरपंच बनाराम डेलू ने तहसीलदार और पटवारी को रिपोर्ट के लिए बताया। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास चुनावी गतिविधियां चल रही थीं। लोग तुरंत पहुंच गए। सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।