भारतीय जनता पार्टी शहर जिला की ओर से बुधवार सुबह 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत शहर में जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कांग्रेस को चुनौती दी की उदयपुर में 50 ऐसे वोटर्स गिना दें जिनके नाम वोटर लिस्ट से कटे हो। टाउनहॉल स्थित नगर निगम परिसर से शुरू हुई पदयात्रा में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पदयात्रा में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ गाड़ी में सवार थे। पदयात्रा नगर निगम परिसर से रवाना होकर सूरजपोल स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक स्थल पहुंची। यहां से बापू बाजार, बैंक तिराहा पहुंची जहां पर सभा हुई। कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का काम करती है- बीजेपी प्रवक्ता बैंक तिराहे पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या करने का काम कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किया। उसने 92 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने से लेकर देश में आपातकाल लगाने का काम किया। रामलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस उदयपुर शहर में ऐसे 50 नाम बता दें जिनको वोटर लिस्ट हटाया गया हो। उन्होंने कहा- कांग्रेस देश में सिर्फ अराजकता फैला कर सत्ता में आना चाहती है, जो इस देश की जनता इनके सपने को कभी पूरा नहीं होने देगी। आभार मंडल अध्यक्ष विजय आहुजा ने दिया। पदयात्रा में भाजपा संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, भाजपा महिला मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अलका मुंदडा, पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली, मांगीलाल जोशी, पूर्व मेयर रजनी डांगी, प्रमोद सामर, पिंकी मांडावत आदि शामिल हुए।