उदयपुर में दीपावली की रौनक नजर आने लगी है। शहर के प्रमुख चौराहों और रास्तों को विशेष लाइटिंग से सजाया गया है। इस बार नगर निगम और उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने मिलकर शहर को रोशनी से सजाने की तैयारी की है। कई जगह आकर्षक लाइटिंग की गई है, जो लोगों का ध्यान खींच रही है। लेकसिटी में इस बार सिर्फ दीये और झालर ही नहीं, बल्कि आसमान में चमकते तारों जैसा नजारा भी देखने को मिलेगा। यूडीए ने शहर में 200 फीट लंबी, 50 फीट चौड़ी और 22 फीट ऊंची विशेष लाइटिंग यूनिट लगवाई है। इसके नीचे खड़े होने पर ऐसा लगेगा, मानो आसमान में तारों के बीच खड़े हों। नीली और बैंगनी रोशनी के साथ अलग-अलग रंगों के गोलाकार लैंप इस सजावट को खास बना रहे हैं। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि लोगों को ब्रह्मांड जैसा नजारा देखने को मिले। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भी आकर्षक रोशनी की गई है। फतहपुरा चौराहा, पूजा पुलिया, सुखाड़िया सर्किल से फतहपुरा चौराहा रोड और सहेली मार्ग को सजाया गया है। इसके अलावा भुवाणा सर्किल, गणगौर घाट, गणगौर पार्क, एमबी हॉस्पिटल, संपूरण चौराहा और महाकाल चौराहे पर भी लाइटिंग की गई है। आयुर्वेद चौराहे से फतहसागर और महाकाल मंदिर से रानी रोड तक भी आकर्षक रोशनी की गई है। नगर निगम और यूडीए की ओर से की गई यह सजावट दीपावली तक शहर के प्रमुख रास्तों और चौराहों की रौनक बढ़ाएगी। शाम होते ही इन जगहों पर रोशनी का अलग ही नजारा देखने को मिलेगा।