उदयपुर के टाउन हॉल में नगर निगम का दीपावली मेला चल रहा है। रविवार को मेले के पांचवे दिन मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता इस मेले में शामिल हुए और शहरवासियों को मजेदार हंसी के किस्सों से गुदगुदाया। गौरव ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और मजेदार चुटकुलों से शहरवासियों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया। देर रात तक पूरा पांडाल दर्शकों के ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा। वहीं मेले में आज सोमवार को फिर से स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे और मंगलवार को बड़ा कवि सम्मेलन होगा। घर-परिवार और रोजमर्रा की बातों से दर्शकों को गुदगुदाया जैसे ही रविवार रात गौरव गुप्ता मंच पर आए, उन्होंने अपने खास अंदाज में सीधे दर्शकों से बातचीत शुरू की। उन्होंने आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी, घर-परिवार के किस्सों और आपसी रिश्तों से जुड़ी बातों को इतने मजेदार तरीके से सुनाया कि लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उनकी हर पंचलाइन पर पांडाल में बैठे युवाओं और परिवारों ने जमकर तालियां बजाईं। लोग देर रात तक अपनी कुर्सियों पर डटे रहे और कॉमेडी का पूरा आनंद लिया। गौरव से पहले कमलेश दवे और असीम शुक्ला ने बांधा समां गौरव गुप्ता के मंच पर आने से पहले टीवी शो 'वाह भाई वाह' फेम कमलेश दवे और पंडित असीम शुक्ला ने भी धमाकेदार प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों ने अपनी हास्य रचनाओं और चुटकुलों से दर्शकों को पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर कर दिया और कॉमेडी नाइट का माहौल बना दिया। 80 फीट ऊंचे झूले, ड्रैगन और ब्रेक डांस का क्रेज सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही मेले में लगे झूले और खाने-पीने की स्टॉल्स पर भी भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले में लगा 80 फीट ऊंचा झूला, नाव, ड्रैगन, टोरा-टोरा, ब्रेक डांस, चांद-तारा और बच्चों के लिए मिकी माउस झूला सबसे बड़ा आकर्षण बने हुए हैं। शाम ढलते ही इन झूलों पर लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसके अलावा रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजे टाउन हॉल में लोग घरेलू सामान, सजावटी चीजों की खरीदारी और चटपटे व्यंजनों का लुत्फ उठा रहे हैं। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मांगीलाल जोशी, पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता लाल सिंह झाला, एडीएम जितेंद्र ओझा, एएसपी उमेश ओझा और डीएसपी जितेंद्र आंचलिया सहित शहर के कई समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। आज लोकल टैलेंट दिखाएगा हुनर, कल शैलेश लोढ़ा जमाएंगे रंग महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि सोमवार की शाम एक बार फिर उदयपुर के स्थानीय कलाकारों के नाम रहेगी। शहर के उभरते कलाकार मंच पर सिंगिंग और डांस का हुनर दिखाएंगे। मंगलवार रात को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें मशहूर कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा के साथ देश के जाने-माने कवि अपनी हास्य, व्यंग्य और वीर रस की कविताओं से शहरवासियों का मनोरंजन करेंगे।