उदयपुर के टाउन हॉल में चल रहे नगर निगम के दीपावली मेले में सोमवार की शाम शहर के स्थानीय कलाकारों के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या के दूसरे दिन नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने क्लासिकल डांस, राजस्थानी लोकगीत और सदाबहार बॉलीवुड गानों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। उदयपुर नगर निगम के वार्ड 54 के भाजपा पार्षद राजेंद्र गखरेजा ने स्थानीय प्रतिभ नाईट में डांस किया। पेश से ऑटो ड्राइवर को मिथुन दा के नाम से जाना जाता है। उनके डांस पर पार्षद और मेले में शामिल लोग भी झूम उठे। शहर की प्रतिभाओं का हुनर देखकर दर्शक इतने प्रभावित हुए कि अपनी कुर्सियों से उठकर झूमने लगे। कार्यक्रम की शुरुआत महापौर पारस सिंघवी और गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा के कुलपति एसएस सारंगदेवोत ने दीप जलाकर की। कार्यक्रम सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मेले में आज रात को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा, जिसमें मशहूर कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा कविता पाठ करेंगे। 'मधुबन में राधिका नाची' से आगाज, हल्दीघाटी के गीत ने भरा जोश सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत नन्ही कलाकार माहिका ने 'मधुबन में राधिका नाची रे' गाने पर धमाकेदार डांस के साथ की। इसके बाद देवांश त्रिवेदी ने 'हल्दीघाटी में समर लड़्यो' गाना गाकर पूरे पांडाल में देशभक्ति का जोश भर दिया। दियरा जुनेजा ने मंच पर शानदार क्लासिकल डांस पेश किया, जिसे देखकर दर्शक भी उनके साथ ताल मिलाने पर मजबूर हो गए। मेले में घूमने आए लोग भी मंच के सामने रुककर इन प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। केसरिया बना और किशोर कुमार के नगमों पर बजीं तालियां डांस के बाद जब गायकी का दौर शुरू हुआ, तो चेल्सी दाधीच ने राजस्थानी गीत 'केसरिया बना ओ थारी बोली प्यारी लागे' सुनाकर माहौल में मिठास घोल दी। उनके बाद तन्वी राव ने किशोर कुमार के सदाबहार गानों से खूब वाहवाही लूटी। राधिका भाटिया ने 'कैसे मैं मिलाऊं नैन तोसों सजना' गाना गाकर समां बांध दिया। प्रिया गोस्वामी ने ढोलक और तबले की जुगलबंदी के साथ जब 'चुरा लिया है तुमने जो दिल को' गीत गाया, तो पूरा पांडाल तालियों से गूंज उठा। इसके बाद कलाकारों ने कई सुपरहिट गानों का मेशअप भी सुनाया। पूर्व पार्षद मुकेश शर्मा ने 'अपनी तो जैसे-तैसे' गाना गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दोनों दिन स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों में कर्तव्य दवे और उनके बैंड ऑर्केस्ट्रा ने शानदार संगीत दिया। ऑडिशन में खरा उतरने के बाद मिला मुख्य मंच पर मौका मेला कलाकार चयन समिति की अध्यक्ष निधि गोधा ने बताया कि मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का चयन बहुत बारीकी से किया गया है। महापौर पारस सिंघवी और आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर अनुभवी जजों की टीम ने पहले सभी कलाकारों का ऑडिशन लिया। गायकी और डांस की हर बारीकी को परखने के बाद ही कलाकारों को मुख्य मंच पर भेजा गया। महापौर सिंघवी ने कहा कि उदयपुर में बेहतरीन टैलेंट है, जिन्हें आगे बढ़ने के लिए निगम हर साल यह बड़ा मंच देता है। कार्यक्रम के बाद महापौर और आयुक्त ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया। गुलाबी ठंड में बढ़ी गर्म व्यंजनों की डिमांड, 4 जगहों पर फ्री पार्किंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही मेले में दिन से लेकर देर रात तक खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग झूलों और शॉपिंग का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। शाम को हल्की गुलाबी ठंड शुरू होने से मेले में गर्म व्यंजनों और चाट-पकौड़ी की मांग काफी बढ़ गई है। शहरवासियों की सुविधा के लिए टाउन हॉल पार्किंग, श्रमजीवी कॉलेज, आरसीए ग्राउंड और कस्तूरबा मातृ मंदिर में फ्री पार्किंग की व्यवस्था की गई है। निगम के बाहर सड़क पर जाम न लगे, इसके लिए पुलिस के साथ होमगार्ड और सिविल डिफेंस की टीमें तैनात हैं। आज मंगलवार रात जमेगी कवियों की महफिल मेले में मंगलवार रात को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें देश के जाने-माने कवि और टीवी कलाकार शैलेश लोढ़ा के साथ कई मशहूर कवि अपनी हास्य, व्यंग्य और वीर रस की कविताओं से शहरवासियों को गुदगुदाएंगे।