उदयपुर में दीवाली त्योहार के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने लोगों से 15 नवंबर तक दोपहिया वाहनों का उपयोग करने की अपील की है। ट्रैफिक पुलिस का जोर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने पर है। सीआई ने लोगों से अपील की कि वे टू-व्हीलर का इस्तेमाल करने के साथ ट्रैफिक नियमों की पालना भी करें। त्योहारी सीजन में बाजारों में रहती है भारी भीड़ ट्रैफिक सीआई शैतानसिंह नाथावत ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए इन दिनों बाजार में भारी भीड़ है। ऐसे में लोगों से अपील है कि वे ज्यादातर स्कूटी या बाइक का ही उपयोग करें। इससे पेट्रोल-डीजल के साथ समय की भी बचत होगी। जाम में नहीं फंसेंगे और पुलिस के लिए ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना आसान होगा। ट्रैफिक रूल्स की पालना करने की अपील सीआई ने बताया कि टूरिस्ट सिटी उदयपुर में त्योहार के उपलक्ष्य में देश-विदेश से बड़ी संख्या में टूरिस्ट पहुंच रहे हैं। उन्हें भी ट्रैफिक में किसी तरह की समस्या नहीं हो। सीआई ने लोगों से ट्रैफिक रूल्स की पालना की अपील की है। सड़कों पर सफेद मार्किंग, रिफ्लेक्टर मार्किंग का काम जारी ट्रैफिक रूल्स पालना को लेकर शहर में जगह-जगह सड़कों पर सफेद मार्किंग और रिफ्लेक्टर मार्किंग करने का काम जारी है। स्पीड ब्रेकर पर सहित डिवाइडर पर भी नियमानुसार मार्किंग की जा रही है।