उदयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर पर नकली घी बनाकर बेचने के बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है। हिरण मगरी सेक्टर-5 में पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित श्री कृष्णा डेयरी का मालिक एकलिंगपुरा में अपने घर पर क्रीम और वनस्पति मिलाकर मिलावटी घी तैयार कर रहा था। वो इस घी को अपनी डेयरी पर बेचने के साथ ही गांवों में होने वाले शादी-समारोह और धार्मिक प्रसादी के कार्यक्रमों में सप्लाई करता था। खाद्य सुरक्षा टीम ने शनिवार को उसके घर पर छापा मारकर 70 किलो मिलावटी घी जब्त कर सीज किया। इसके अलावा मौके से 30 किलो क्रीम भी मिली है। डेयरी पर घी नहीं मिला तो मालिक ने झूठ बोला
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि सेक्टर-5 स्थित श्री कृष्णा डेयरी पर मिलावटी घी बेचा जा रहा है। शिकायत में यह भी बताया गया था कि डेयरी मालिक शंकर लाल पटेल यह घी एकलिंगपुरा स्थित अपने मकान पर बनाता है। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और नरेंद्र सिंह चौहान की टीम ने शनिवार को सेक्टर-5 स्थित डेयरी पर दबिश दी। तलाशी के दौरान डेयरी पर घी नहीं मिला। जब टीम ने संचालक शंकर लाल से पूछताछ की तो वह मुकर गया। उसने कहा कि वह घी नहीं बेचता है और एकलिंगपुरा में उसका कोई मकान भी नहीं है। घर से 2 केन में 70 किलो घी और 30 किलो क्रीम मिली डेयरी संचालक के बार-बार इनकार करने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद वह टूट गया और टीम को एकलिंगपुरा स्थित अपने मकान पर ले गया। जब टीम ने मकान की तलाशी ली तो वहां 2 केन में भरा हुआ करीब 70 से 71 किलो तैयार घी मिला। इसके पास ही एक अन्य केन में करीब 30 किलो क्रीम भी रखी हुई थी, जिसे आम लोगों को बेचने और घी बनाने के लिए रखा गया था। पकड़े जाने के डर से थोड़ा-थोड़ा लाता मौके पर रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद डेयरी संचालक शंकर लाल पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने टीम को बताया कि वह खुद ही क्रीम और वनस्पति घी को आपस में मिलाकर यह नकली घी तैयार करता है। तैयार होने के बाद इसे सेक्टर-5 की डेयरी पर बेचता है। साथ ही आसपास के गांवों में होने वाले शादी-ब्याह और प्रसादी वाले घरों में भी यही घी खपाया जाता है। डेयरी पर घी नहीं मिलने के सवाल पर उसने बताया कि पकड़े जाने के डर से वह एक साथ पूरा स्टॉक दुकान पर नहीं रखता था। वह घर से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में घी लाकर डेयरी पर बेचता था। शनिवार को डेयरी पर रखा घी एक ग्राहक को बेच दिया था और घर से दूसरा स्टॉक लाने ही वाला था कि उससे पहले टीम ने छापा मार दिया। लैब में भेजे सैंपल, काया के होटल से भी पनीर-धनिये के नमूने लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से घी और क्रीम के दो सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए हैं। वहीं बाकी बचे 70 किलो मिलावटी घी को सीज कर दिया गया है। लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. आदित्य ने बताया- कार्रवाई के बाद टीम ने हाईवे पर काया स्थित 'कमल दीप होटल' पर भी औचक निरीक्षण किया। टीम ने यहां से पनीर और धनिया पाउडर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।