उदयपुर में कोटड़ा उपखंड की मंडवाल पंचायत में जीते हुए सरपंच और पुलिस पार्टी को ले जाने वाली बस पर पथराव हो गया। मामले में करीब 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ड्यूटी पर तैनात एएसआई चन्द्रदीप परमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना 30 अक्टूबर 2026 की है। पंचायत चुनाव के बाद जीते हुए सरपंच करण कुमार कागवा को बोलेरो गाड़ी से उनके घर ले जाते समय करीब 30 से 40 लोगों ने रास्ता रोक लिया था। उन्होंने मोबाइल पार्टी की बोलेरो गाड़ी पर अचानक पथराव कर दिया। बस के सभी शीशे पत्थर मारकर तोड़े आरोपियों ने मोबाइल पार्टी की बोलेरो गाड़ी और पुलिस पार्टी को ले जाने वाली बस के सभी शीशे पत्थर मारकर तोड़ दिए। आरोपियों ने पुलिस पार्टी और पुलिस दल के सरकारी काम में बाधा डाली और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। मामले में पुलिस ने 15 नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। सरपंच ने 912 मतों से जीत दर्ज की जानकारी अनुसार सरकारी सी.सैकंडरी स्कूल मंडवाल स्थित मतदान केन्द्र संख्या 60, 61 और 62 पर सरपंच एवं वार्ड पंच पद के लिए मतदान हुआ था। चुनावी​ रिजल्ट में करण कुमार पुत्र रमेश चन्द्र कागवा ने 912 मतों से जीत हासिल की। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे पराजित प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर विजयी प्रत्याशी को केन्द्र से बाहर नहीं निकलने देने का आरोप लगा। पुलिस जब जीते हुए सरपंच को लेकर गई तो उनके वाहनों पर पथराव किया गया। बाद में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर विजयी प्रत्याशी को सुर​क्षा के बीच उनके घर पहुंचाया।