उदयपुर में एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की 10वीं मंजिल के फ्लैट में एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर फटने से आग लग गई। तेज धमाके के साथ लगी आग में घर में मौजूद मां और बेटे ने भागकर अपनी जान बनाई। भुवाणा थाना इलाके में न्यू नवरतन कॉम्प्लेक्स रोड स्थित 'नवरतन हाइट्स' अपार्टमेंट में रविवार दोपहर करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखी ज्वेलरी, नकदी, फर्नीचर, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि समय रहते रसोई से गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिए गए, वरना हादसा बड़ा हो सकता था। अचानक हुआ तेज धमाका, कमरे में फैल गई आग मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) बाबूलाल चौधरी ने बताया- नवरतन हाइट्स की 10वीं मंजिल पर मिनरल्स व्यापारी दिनेश वनारिया का फ्लैट है। फ्लैट में उनकी पत्नी हीना और बेटा प्रतीक मौजूद थे। इसी दौरान एसी का कंप्रेसर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। कंप्रेसर फटने से एसी की लाइन में भी ब्लास्ट हुआ। इसके बाद आग कमरे में फैल गई। धमाके की आवाज और धुआं देखकर मां-बेटे तुरंत फ्लैट से बाहर भागे और जान बचाई। पास ही रखे थे गैस सिलेंडर, बाहर निकाला सीएफओ चौधरी ने बताया- जिस कमरे में एसी फटने से आग लगी। उसके पास ही रसोई थी। रसोई में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग की लपटें रसोई तक पहुंचतीं, उससे पहले ही मुस्तैदी दिखाते हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अगर आग सिलेंडर तक पहुंच जाती तो बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो सकता था। चौकीदार और पड़ोसियों ने संभाला मोर्चा, 20 मिनट में पाया काबू 10वीं मंजिल के फ्लैट से धुआं उठता देख बिल्डिंग में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिस पर दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही बिल्डिंग के चौकीदार और आस-पड़ोस के लोगों ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने बिल्डिंग में लगे फायर सिस्टम और पानी की मदद से आग बुझाना शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक फ्लैट का सारा कीमती सामान जल चुका था।