पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण को लेकर उदयपुर जिले में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में चार पंचायत समितियों के 62 पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव होगा। मंगलवार को जिले की चार पंचायत समितियों खेरवाड़ा, ऋषभदेव, नयागांव और कल्याणपुर में मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को सुखाड़िया रंगमंच सभागार में पोलिंग पार्टी को अंतिम ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ सहित मास्टर ट्रेनर्स महामाया प्रसाद चौबीसा ने मतदान कार्मिकों को चुनाव प्रक्रिया और मतदान संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन, मतदाताओं की पहचान, मतदान संबंधी नियमों और चुनाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद मतदान दलों को चुनाव सामग्री वितरित की गई। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों ने पीएमश्री राजकीय फतह स्कूल परिसर से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए प्रस्थान किया। तीसरे चरण का मतदान पूरा होने के साथ ही उदयपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के सभी चरणों की मतदान प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। इसके बाद जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी।