उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर ट्रेलर और फायर ब्रिगेड की भिड़ंत के बाद घायल हुए फायरमैन और ट्रेलर ड्राइवर की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इनमें एक फायर ब्रिगेड कर्मचारी और दूसरा ट्रेलर का ड्राइवर था। दोनों ने एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि ट्रेलर ड्राइवर संजीत अली पिता जुल्फकार निवासी कुरुक्षेत्र हरियाणा और फायर ब्रिगेड कर्मचारी बुद्धप्रकाश पिता नेमप्रकाश रावत निवासी ब्यावर की मौत हुई है। एक्सीडेंट रविवार सुबह 11 बजे माकडजपा गांव के पास हुआ था। जिसमें दो फायरमैन जिंदा जल गए थे। मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। घटना में कुल 4 लोगों की मौत हुई है। एक्सीडेंट के कारण दूसरी लेन में घुसा ट्रेलर पुलिस के अनुसार अग्नि रक्षक नाम की निजी कंपनी की फायर ब्रिगेड थी। जो पश्चिमी बंगाल नंबर की है। ये गाड़ी गुजरात से उदयपुर की तरफ जा रही थी। जिस ट्रेलर से भिड़ंत हुई वो उदयपुर की तरफ से अहमदाबाद की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी लेन में रॉन्ग साइड जाकर फायर ब्रिगेड से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड के केबिन में तेज आग लग गई थी। केबिन पिचकने के कारण अंदर ही फंसे फायरमैन भिड़ंत के कारण फायर ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया था। उसमें लगी आग के कारण ड्राइवर सहित तीन लोग अंदर ही फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को आग के बीच से ही बाहर खींच लिया था, लेकिन दो फायरमैन जिंदा जल गए थे। वहीं, टक्कर मारने वाला ट्रेलर ड्राइवर भी बुरी तरह घायल हो गया था।