उदयपुर में बेकरिया थाने से महज एक किलोमीटर दूर स्कूली बच्चों से भरी बस पर पथराव हो गया। घटना में बस का ड्राइवर, एक टीचर और एक स्टूडेंट घायल हो गया। पिकनिक के लिए जोधपुर से उदयपुर आ रहे थे, तभी अचानक बदमाशों ने बस पर पत्थर फेंके। घटना बेकरिया थाने से महज 1 किलोमीटर दूर उदयपुर-गोगुंदा नेशनल हाईवे पर रविवार को शाम 4 बजे की है। अचानक हुए पथराव के कारण बस में बैठे बच्चे सहम गए और डर से चिल्लाने लगे। पथराव होते देख ड्राइवर जसवंत सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को तेज स्पीड में भगाया और आगे एक होटल के पास जाकर रोक दिया। होटल संचालक ने सभी को अपनी होटल में सुरक्षित बैठाया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद मामले में शिक्षक योगेश ने बेकरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए मामले की जांच में जुट गई है। हाईवे पर दिनदहाड़े और थाने के पास हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्थर से कांच टूटे तो बच्चे नीचे छिपे पुलिस के मुताबिक, 2 बसें जोधपुर टैगोर पब्लिक स्कूल की थी। जिनमें कुल 62 बच्चे और 10 स्कूली स्टाफ सवार था। ये बसें उदयपुर पिकनिक के लिए आ रही थी। इनमें एक बस पर अचानक पथराव हो गया। ​ पथराव दौरान बस के कांच टूट गए और सभी बच्चे सीट से हटकर नीचे बैठ गए।ड्राइवर जसवंत सिंह, शिक्षक योगेश और उनका पुत्र पार्थ घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। पथराव का स्पष्ट कारण पता नहीं लगा है। पुलिस अब अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है।