उदयपुर के टाउन हॉल में चल रहे नगर निगम के दीपावली मेले में शनिवार की शाम शहर के स्थानीय कलाकारों के नाम रही। मेले के चौथे दिन स्थानीय उभरते कलाकारों ने मंच पर गीत, संगीत, शास्त्रीय नृत्य, बांसुरी वादन और योगासन की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। शहर की प्रतिभाओं के हुनर को देखकर मेले में आए लोग देर रात तक तालियां बजाते और झूमते रहे। वहीं मेले के पांचवें दिन आज रविवार रात को मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता की कॉमेडी नाइट होगी, जिसमें वे शहरवासियों को हंसाएंगे। कथक और महाभारत थीम के डांस ने मोहा मन सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत देव डांस एकेडमी ग्रुप की गणपति वंदना से हुई। इसके बाद गायत्री पवार ने 'पिया तोसे नैना लागे रे' गाने पर शानदार डांस कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मंच पर रिद्धिमा माहेश्वरी ने शास्त्रीय नृत्य कथक की प्रस्तुति दी। वहीं नियति सोमपुरा ने महाभारत थीम पर आधारित प्रभावशाली नृत्य पेश कर पांडाल में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया। नन्ही ओनीरा की गायकी और पुलिस टीम के योगासन ने किया हैरान कार्यक्रम में नन्ही कलाकार ओनीरा ने जब 'ओ मेरे सोना रे सोना रे' गीत गाया, तो हर कोई उसकी आवाज का कायल हो गया। इसके बाद हेमंत ने 'तेरी दीवानी', विजयलक्ष्मी वैष्णव ने 'जब छाए मेरा जादू' और जोया ने 'तेरी आंखों का ये काजल' गाने पर शानदार प्रस्तुति दी। धनंजय सोनी ने बांसुरी की मीठी धुन के साथ गीत सुनाकर माहौल में मिठास घोल दी। इसी बीच राजू सिंह ने पुलिस योग टीम के साथ मंच पर एक्रो योगासन के कठिन करतब दिखाकर दर्शकों को हैरान कर दिया। इन स्थानीय कलाकारों ने भी मंच पर दिखाया हुनर सांस्कृतिक संध्या में वर्णिका, जेनीका, ओजस्वी, पूर्वी अग्रवाल, खुशी अग्रवाल, आरुषि, समनवी और धनश्री ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके अलावा यष्टि ग्रुप और नूपुर ध्वनि ग्रुप के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मंच संचालन मीनल पोखरना और योगेश कुमावत ने किया। सोमवार को भी स्थानीय उभरते सितारों को मिलेगा मौका महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि शहर के उभरते कलाकारों को बड़ा मंच देने और उनका हौसला बढ़ाने के लिए हर साल मेले में स्थानीय प्रतिभाओं को मौका दिया जाता है। वहीं निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल ने बताया कि कलाकारों के उत्साह को देखते हुए सोमवार को भी मेले का मंच उदयपुर के स्थानीय उभरते सितारों के नाम रहेगा। मेले में झूलों, खानपान और खरीददारी के साथ आकर्षक लाइटिंग और बड़ी एलईडी स्क्रीन लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस दौरान महापौर पारस सिंघवी के साथ कांग्रेस नेता दिनेश खोड़निया, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा, भाजपा देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, पूर्व विधायक वंदना मीणा, पूर्व राज्यमंत्री जगदीशराज श्रीमाली सहित कई अतिथि मौजूद रहे। स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता लगाएंगे हंसी का तड़का दीपावली मेले में रविवार रात को खास कॉमेडी नाइट का आयोजन होगा। इसमें देश के जाने-माने स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता मंच संभालेंगे। गौरव गुप्ता रोजमर्रा की जिंदगी, पारिवारिक किस्सों और अपनी खास कॉमिक टाइमिंग और पंचलाइन से उदयपुरवासियों को हंसी के ठहाके लगाने पर मजबूर करेंगे।