थाना क्षेत्र के गांव नगला भांड में गुरुवार दोपहर खेत की मेड़ पर खड़े बबूल के पेड़ को काटने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गांव के ही भागसिंह गुर्जर और भगवान सिंह गुर्जर के पक्षों के बीच खेत की मेंड़ पर लगे बबूल के पेड़ को काटने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग एकत्र हो गए और एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान एक पक्ष के भगवान सिंह गुर्जर (65) और उनके भाई नारायण सिंह (61) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।