उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने लंदन में वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के साथ वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का पोस्टर लॉन्च किया। वेदांता पिंकसिटी हाफ मैराथन 2026 के 11वें संस्करण का आयोजन 29 नवंबर को जयपुर में होगा। इसमें देश-विदेश के प्रोफेशनल एथलीट, रनिंग के शौकीन और फिटनेस प्रेमी हिस्सा लेंगे। एनीबडी कैन रन (anybody can run) और फिनोवा कैपिटल के सहयोग से आयोजित होने वाली मैराथन में तीन कैटेगरी रखी गई हैं। जिसमें 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन में लोग दौड़ लगा सकेंगे। ‘रनिंग सबके लिए है’ के विचार के साथ आयोजन हर उम्र के लोगों के लिए किया गया है। हर किलोमीटर की दौड़ के बदले एक जरुरतमंद को भोजन मिलेगा आयोजन का प्रमुख आकर्षण वेदांता की ‘रन फॉर जीरो हंगर’ पहल है। यह अनिल अग्रवाल के इस संकल्प से प्रेरित है कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए। अभियान के तहत दौड़े गए प्रत्येक किलोमीटर के बदले वेदांता की ओर से एक जरूरतमंद को भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। यह पहल अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों और पशुओं की सहायता से जुड़ी है। अभियान के जरिए फाउंडेशन की प्रमुख पहल ‘नंद घर’ को भी सहयोग मिलता है। नंद घर के अंतर्गत देश के 18 राज्यों में 16 हजार से अधिक आधुनिक आंगनवाड़ियों का नेटवर्क विकसित किया गया है। यहां बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। जयपुर को अंतरराष्ट्रीय रनिंग मानचित्र पर लाने की कोशिश वर्ष 2026 का आयोजन जयपुर को अंतरराष्ट्रीय डिस्टेंस रनिंग के मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के प्रयासों से भी जुड़ा है। जयपुर में 2028 में एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेस (एआईएमएस) वर्ल्ड कांग्रेस आयोजित करने की पहल शहर को वैश्विक खेल जगत से जोड़ने और राजस्थान में स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में है।