बामला | गांव में नालियों और गलियों में फैली गंदगी से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की एक नाले के अंदर कचरा और गंदा पानी जमा होने से हालात बदतर नजर आ रहे हैं। जगह-जगह प्लास्टिक और अन्य कचरा पड़ा हुआ है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ती जा रही है। नालियों में जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैलने और मच्छर पनपने की आशंका बनी हुई है। इससे बीमारी फैलने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से गलियों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने, नालियों की नियमित सफाई करवाने तथा समस्या का समाधान करवाने की मांग की है। ताकि गांव में स्वच्छ वातावरण बना रहे और लोगों को गंदगी से राहत मिल सके।