भास्कर न्यूज | झालावाड़ युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए मंगलवार को झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र के सभी महाविद्यालयों और विद्यालयों में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और पात्र युवाओं से आवेदन प्राप्त करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ऐसे युवक-युवतियां, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या उस दिन तक 18 वर्ष के हो चुके हैं, वे अपने क्षेत्र के स्कूल या कॉलेज में आयोजित शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि शिविरों में बीएलओ उपस्थित रहेंगे, जो पात्र युवाओं के पंजीकरण संबंधी आवेदन प्राप्त करेंगे। उपखंड अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन के सभी पात्र युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाएं और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।