पंचायती राज चुनाव के अंतर्गत मंगलवार को हुए जिला परिषद एवं पंचायत समिति वार्डों का मतदान 70.96 प्रतिशत रहा। किशनगंज क्षेत्र के 2 जिला परिषद वार्डों के दावेदारों एवं पंचायत समिति के 15 वार्डों के 55 दावेदारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। मंगलवार को सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के साथ ही कुछ मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें देखी गई। दोपहर तक मतदान धीरे चला दोपहर बाद मतदान ने गति पकड़ी। इस दौरान मतदाताओं अपने परिवार के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच कर लोकतंत्र में अपनी हिस्सेदारी निभाई।कस्बे सहित क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे तक 13.13 प्रतिशत,1 बजे तक 36.16 प्रतिशत मतदान हुआ जो 3 बजे तक बढ़कर 51.56% रहा। इसके बाद शाम 6 बजे तक 70.96 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम ऋतुराज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के 2 जिला परिषद व पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 73932 मतदाताओं में से 52462 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। पंचायत समिति क्षेत्र में 70.96 प्रतिशत मतदान हुआ।