चंडावल | चंडावल की नवनिर्वाचित 24 वर्षीय सरपंच रिंकू राजेंद्र लहर (चौधरी) ने पूर्व सरपंच व प्रशासक घेवरचंद भाटिया से चार्ज लेकर पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व उन्होंने ग्रामीणों के साथ तेजाजी महाराज की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना की और जुलूस के रूप में पंचायत भवन पहुंचीं।समारोह में राजस्थान सरकार के पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य तथा संत जगन्नाथ महाराज के पावन सान्निध्य में 36 कौम के ग्रामीणों ने नए नेतृत्व का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने नवनिर्वाचित युवा सरपंच रिंकू चौधरी व सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र लहर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरपंच को गांव को आदर्श बनाने के लिए हर परिवार व नागरिक के सुख-दुख में सहभागी बनना होगा। जनप्रतिनिधि को गांव का सेवक बनकर बिना किसी भेदभाव के काम करना चाहिए। 17 वार्ड पंचों के साथ बिना भेदभाव होगा सर्वांगीण विकास : सरपंच रिंकू चौधरी ने कहा कि उपसरपंच सहित सभी 17 वार्ड पंच गांव की प्रगति के लिए कटिबद्ध हैं। सरपंच पद उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वे सभी ग्रामीणों को साथ लेकर पूरी निष्ठा से निभाएंगी। बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पधारे सभी अतिथियों व ग्रामीणों का साफा व माला पहनाकर बहुमान किया।